औद्योगिक क्षेत्र की ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में सिलेंडर ब्लास्ट, सात मजदूर झुलसे; एक की मौत



सरायकेला : औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को काम के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में सात मजदूर बुरी तरह झुलस गए। इनमें गंभीर रूप से घायल कंपनी के ऑपरेटर मुरली की टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।


विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे मुरली को अन्य घायलों के साथ तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल भेजा गया था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना में घायल अन्य मजदूरों में सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में जारी है। वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में चल रहा है। सभी घायलों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ। हालांकि विस्फोट के पीछे तकनीकी खराबी, गैस रिसाव अथवा कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की चुप्पी और मीडिया से दूरी कई सवाल खड़े कर रही है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। इससे फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


