साइबर ठगी मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, परसुडीह का युवक गिरफ्तार



जमशेदपुर : साइबर ठगी के एक बड़े मामले में चंडीगढ़ सीबीआई ने झारखंड सीआईडी की मदद से परसुडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान टी. शरत के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे रांची की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया।


प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पर साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अपने बैंक खाते में मंगवाने का आरोप है। इसके बदले वह कथित तौर पर दो प्रतिशत कमीशन लेता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक डिजिटल अरेस्ट के जरिए की गई ठगी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की राशि उसके खाते में ट्रांसफर की गई थी। यह मामला चंडीगढ़ बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता सुरचंद्र सिंह से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की ठगी से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम करीब 60 अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी, जिनमें आरोपी का खाता भी शामिल था।
इस मामले में सीबीआई इससे पहले गोलमुरी क्षेत्र में भी छापेमारी कर राजदीप सिंह से पूछताछ कर चुकी है। बताया जा रहा है कि ठगी में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड उसके नाम पर पंजीकृत था। फिलहाल सीबीआई पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


