सर्पदंश के बढ़ते मामलों से हड़कंप, जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंचा परिवार

जमशेदपुर : बारिश शुरू होने के साथ ही सर्पदंश के मामलों में तेजी देखी जा रही है। पिछले दो दिनों में एमजीएम अस्पताल में सांप के काटने के छह मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें राजनगर की सोमवारी सरदार (35), गम्हारिया के विजय मार्डी (26), मुसाबनी के बुद्धेश्वर भक्त, पुंडीसिली के शिव सुर मरांडी (19), कोइयानी के रॉबिन पहाड़िया (34) और आदित्यपुर के विष्णु (32) शामिल हैं। इलाज के दौरान एक मरीज के परिजन उस सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आए, जिसने काटा था, जिससे इमरजेंसी वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।


डॉक्टरों ने परिजनों को समझाया कि सांप को पकड़कर अस्पताल लाना जोखिम भरा हो सकता है और इससे किसी अन्य व्यक्ति की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी प्रकार के सर्पदंश के इलाज के लिए स्नेक एंटी-वेनम उपलब्ध है। यदि सांप की पहचान जरूरी हो तो उसे पकड़ने के बजाय मोबाइल से उसकी तस्वीर लेना पर्याप्त है।


