करणी सेना नेता हत्याकांड में बड़ा अपडेट, आखिरी फरार आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर



जमशेदपुर : करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के आखिरी फरार आरोपी राघवेंद्र ने सोमवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही इस चर्चित हत्याकांड में नामजद सभी आरोपी अब पुलिस या न्यायिक हिरासत में पहुंच चुके हैं। इससे पहले आरोपी राहुल दुबे ने भी कुछ दिन पहले बिष्टुपुर थाने में सरेंडर किया था।


यह घटना 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर हुई थी। बताया जाता है कि बार के अंदर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद बाउंसरों ने दोनों गुटों को बाहर निकाल दिया था, लेकिन कुछ देर बाद मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने हिमांशु सिंह और उनके साथी पर धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे, जिसके बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और बार को सील कर दिया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। विश्वनाथ मंडल ने बाद में अदालत में आत्मसमर्पण किया, जबकि डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। राघवेंद्र के सरेंडर के बाद पुलिस अब मामले की चार्जशीट और अन्य साक्ष्यों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में जुटी है।


