जल जीवन मिशन की प्रगति पर सख्ती, सचिव ने दिया समय पर काम पूरा करने का निर्देश






साहिबगंज : झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान ने सोमवार को राजमहल प्रखंड के पूर्वी नारायणपुर पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी एलएंडटी के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया। सचिव ने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह योजना बेहद महत्वपूर्ण है.


निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन निर्माण से जुड़ी जमीन संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इनका समाधान कर लिया गया है। सचिव ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत भागीदारी वाली इस योजना के तहत मार्च 2028 तक कार्य पूरा कर विभाग को सौंपा जाएगा, जिसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से संथाल परगना के अधिकांश क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू होगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पाइपलाइन मार्ग के सभी पंचायतों को योजना का लाभ देने की मांग रखी, जिस पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।


