सरायकेला के आसंगी चेक डैम में बड़ा हादसा, नहाने के दौरान दो बच्चे डूबे, रेस्क्यू अभियान जारी



Saraikela :सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. मौके पर आरआईटी थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी. बच्चों का पता लगाने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है तथा बचाव कार्य की निगरानी कर रही है. समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका था. पुलिस ने बताया कि फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है. अभियान पूरा होने और बच्चों का पता चलने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. वहीं इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और गम का माहौल है.




