झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, एक सप्ताह तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट



रांची : झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 6 जून तक राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी रांची समेत अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है और अधिकांश क्षेत्रों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। रांची और आसपास के इलाकों में 2 जून से आंशिक रूप से बादल छाने और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। वहीं रविवार को राज्य में डालटनगंज सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रांची में 33.0 डिग्री, जमशेदपुर में 34.4 डिग्री, बोकारो में 35.5 डिग्री और देवघर में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।


