बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर, उपायुक्त ने अफवाह फैलाने वालों, बाइक स्टंट एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश, आमजन से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील

0
Advertisements
Advertisements

Saraikela (संजीव मेहता) : बकरीद को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर रहेगी. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अफवाह फैलाने वालों, बाइक स्टंट एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. साथ ही आमजन से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की है. कल उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई है. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. जिसमें उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूर्ण कर ली जाएं. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अलर्ट एवं सक्रिय मोड में कार्य करेंगे. उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. नगर निकायों को कुर्बानी के अवशेषों का समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है. उन्होंने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक्टिव मोड में रखा जाए तथा चिकित्सकीय दल 24×7 कार्यरत रहें. सभी एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को ‘रेडी टू मूव’ स्थिति में रखने का निर्देश भी दिया गया. इसके अतिरिक्त जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया है. पर्व के दौरान युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट एवं तेज गति से वाहन परिचालन की संभावनाओं को देखते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न होता है. इसे ध्यान में रखते हुए विशेष गश्ती दल का गठन कर विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed