दोस्तों संग नहाने गया युवक चेकडैम में डूबा, कुछ सेकेंड में हुई दर्दनाक मौत


गुमला : जिले के कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह की तेज पानी के बहाव में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि सन्नी अपने छह दोस्तों के साथ गर्मी से राहत पाने के लिए चेकडैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह चक्रवाती बहाव की चपेट में आकर पाइप के अंदर खिंच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। सन्नी के साथ मनीष कुमार, करन गोस्वामी, विष्णु कुमार, कुशल प्रजापति, विक्रम साहू समेत अन्य दोस्त भी मौजूद थे। सभी पानी में कूदकर नहा रहे थे, तभी तेज बहाव के कारण सन्नी पाइप की ओर बहने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का दबाव इतना ज्यादा था कि वह कुछ ही सेकेंड में पाइप के अंदर समा गया।
दोस्तों की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घंटों रेस्क्यू चलाया। काफी मशक्कत के बाद सन्नी को पाइप से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर उर्मी पुलिस पिकेट प्रभारी अम्पा हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


