महुआडांड़ : महुआडांड़ संत जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल, रामपुर में गुरुवार को अभिभावक बैठक, छात्र-नेताओं का शपथ ग्रहण समारोह एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान अध्यापिका सिस्टर शशि कुजूर, मैनेजर बरथोलोमी टोप्पो के साथ मुख्य अतिथि फादर समीर, फादर बीरबल एवं फादर संजीवन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं स्वागत भाषण के साथ हुई।बैठक के बाद नववर्ष हेतु चयनित विद्यालय अध्यक्ष एवं सभी छात्र-नेताओं का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न कराया गया। नवचयनित छात्र-नेताओं को विद्यालय एवं उनके दल का ध्वज प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फादर समीर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “कल के लीडर आप ही होंगे, इसलिए हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने व्यक्तित्व का विकास करें।” उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने की सलाह दी।वहीं मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के टॉपर्स विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।बैठक में विद्यालय की उन्नति, अनुशासन, शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, गौरव और प्रेरणा से भरा रहा।