जनगणना कार्य हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बिच किट का वितरण, उपायुक्त ने दिए पारदर्शिता एवं समयबद्धता से कार्य पूर्ण करने के निर्देश


Jharkhand : जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए पूरे जिले में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया गया। इसी क्रम में नगर निकाय क्षेत्र के एक पर्यवेक्षक एवं चार प्रगणकों को उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वारा किट प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने प्रगणकों को घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार की समुचित एवं सही जानकारी संकलित करने तथा सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करने का निर्देश दिया। वहीं पर्यवेक्षकों को संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे, इसलिए इसमें गंभीरता एवं समर्पण के साथ कार्य करना आवश्यक है।



