बेंगलुरु की मैकफॉक्स कंपनी में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 7 छात्रों का चयन; 3 लाख के पैकेज के साथ आवास की भी सुविधा


Jamshedpur : रोजगार के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता को बनाए रखते हुए जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 7 विद्यार्थियों ने बेंगलुरु की प्रतिष्ठित कंपनी मैकफॉक्स में सफलता का परचम लहराया है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित इस विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग और प्रबंधन विभागों के छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 7 प्रतिभावान उम्मीदवारों का चयन किया गया है। कड़े चयन मानदंडों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद छात्र-छात्राओं का चयन बेंगलुरु स्थित कार्यस्थल के लिए पूर्णकालिक रोजगार के रूप में किया गया है। कंपनी की ओर से चयनित मेधावी फ्रेशर्स को डीईटी (DET – डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी) और जीईटी (GET – ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी) की महत्वपूर्ण भूमिकाएं सौंपी गई हैं, जो विशेष रूप से मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा सेल्स और मार्केटिंग स्ट्रीम के लिए हैं। इन सफल विद्यार्थियों को 3 लाख रुपये प्रति वर्ष की शुरुआती सैलरी का आकर्षक सालाना पैकेज दिया गया है। इसके साथ ही, कंपनी की ओर से छात्रों को एक और बड़ा अतिरिक्त लाभ देते हुए उनके रहने के लिए सिंगल अकोमोडेशन की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे छात्र और उनके अभिभावक प्रसन्न हैं. यह अवसर बहु-विषयी था, जिसमें बी.टेक, डिप्लोमा और एम्.बी.ए के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी और व्यावसायिक योग्यता के बल पर स्थान पक्का किया।
कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने इसे खास उपलब्धि बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल निरंतर इस दिशा में प्रयासरत है कि प्रत्येक विद्यार्थी को उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ अवसर प्राप्त हों। हमारा लक्ष्य न केवल छात्रों को रोजगार दिलाना है, बल्कि उनके भविष्य को एक नई ऊँचाई और स्वर्णिम चमक प्रदान करना है। मैकफॉक्स जैसी कंपनी में 3 लाख के पैकेज के साथ हमारे 7 छात्रों का चयन होना हमारे इसी विजन को दर्शाता है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई दी .
कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने भी सारे विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इंजीनियरिंग और एमबीए के छात्रों का एक साथ डीईटी और जीईटी जैसी कोर भूमिकाओं के लिए चुना जाना बेहद गर्व की बात है। बेंगलुरु जैसे तकनीकी केंद्र में करियर की शुरुआत करना इन युवाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। यह सफलता हमारे शिक्षकों के सही मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है।
कैंपस में इस बड़ी सफलता के बाद चयनित छात्रों और उनके परिवारों में उत्साह है। कंपनी जल्द ही सभी सफल उम्मीदवारों को औपचारिक जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी।



