सरकारी नौकरी के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, उम्र सीमा बढ़ने से लाखों युवाओं को मौका


कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य सरकारी नौकरियों में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने ग्रुप A, B, C और D पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने का फैसला लिया है। नई अधिसूचना के अनुसार ग्रुप A पदों के लिए अधिकतम उम्र 41 वर्ष, ग्रुप B के लिए 44 वर्ष और ग्रुप C व D पदों के लिए 45 वर्ष कर दी गई है। यह संशोधित नियम 11 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।सरकार का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित रहने के कारण कई उम्मीदवार उम्र सीमा पार कर चुके थे। ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा मौका देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन सेवाओं में पहले से अधिक आयु सीमा लागू है, वहां पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी।

नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार के उपक्रमों, सरकारी कंपनियों और स्थानीय निकायों में होने वाली भर्तियों में भी अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तक लागू होगी। इस फैसले को लाखों नौकरी अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है और इससे राज्य में रोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है।


