सोलर प्लांट में चोरी करते 3 किशोर धराए, ग्रामीणों की घेराबंदी से खुला खेल


रामगढ़ : गोला थाना क्षेत्र के कुम्हरदगा गांव में सोलर ऊर्जा संयंत्र से मशीन और तार चोरी करते हुए तीन किशोरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना 15 मई की देर रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने तीनों को पकड़कर गोला पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से कुम्हरदगा, सरलाखुर्द, सरलाकला और चोकाद समेत आसपास के गांवों में सोलर संयंत्रों से तार, बैटरी और मशीनों की लगातार चोरी हो रही थी। इससे परेशान ग्रामीण रात में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ किशोर चोरी की नीयत से गांव पहुंचे, लेकिन लोगों को भनक लगते ही घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान किशोरों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाला सामान मिलने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाना ले गई। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में सक्रिय पूरे चोरी गिरोह का खुलासा करने और लगातार हो रही घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


