आवारा कुत्तों के बीच फंसा हिरण का बच्चा, ग्रामीणों ने बचाई जान, इंसानियत की मिसाल


चाईबासा : नोवामुंडी प्रखंड के जोजो कैंप क्षेत्र में ग्रामीणों ने घायल हिरण के बच्चे की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। बताया गया कि हिरण का बच्चा अपने झुंड से बिछड़कर पानी की तलाश में जंगल से भटकते हुए गांव के पास पहुंच गया था। इसी दौरान 7-8 आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल और डरा हुआ था।

घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता बापी करुवा ने ग्रामीणों को इकट्ठा किया। इसके बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हिरण के बच्चे को कुत्तों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। गांव के मुंडा मनवीर देव सुरेन ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को इलाज के लिए अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों की इस पहल की इलाके में काफी सराहना हो रही है। लोगों ने वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए जंगल क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण की मांग भी की है।


