विश्व थैलेसीमिया दिवस पर लगा विशाल रक्तदान शिविर, 300 यूनिट तक रक्त संग्रह कर मानवता की मिसाल पेश


जमशेदपुर : विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर दावत-ए-इस्लामी इंडिया के विभाग गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) की ओर से शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों और जरूरतमंद लोगों के लिए रक्त उपलब्ध कराना था। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान शिविर ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अक्सा बैंक्वेट हॉल, टेल्को के मिल्लत हॉल मस्जिद कैंपस, धातकीडीह ब्लड बैंक तथा जुगसलाई के नसीम मैरिज हॉल में आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान करीब 250 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसे थैलेसीमिया मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने रक्तदान कर इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
संस्था की ओर से बताया गया कि GNRF केवल रक्तदान अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि लगातार विभिन्न सामाजिक और मानवीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। गर्मी के मौसम में संस्था की ओर से तीन महीनों तक मुफ्त पेयजल स्टॉल लगाए जाते हैं और शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शरबत की सबील भी लगाई जाती है, ताकि राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
इसके अलावा “सेव नेचर प्रोग्राम” के तहत पौधारोपण अभियान चलाया जाता है। किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपातकालीन स्थिति में संस्था की डिजास्टर टीम तुरंत सक्रिय होकर राहत कार्यों में जुट जाती है। संस्था की ओर से समय-समय पर राशन किट वितरण, नि:शुल्क मेडिकल कैंप, फर्स्ट एड कैंप, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान समेत कई सामाजिक कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं।
इस अवसर पर कोल्हान डिवीजन मैनेजर सैयद सद्दाम अत्तारी ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद और जनकल्याण के कार्यों को इसी तरह जारी रखेगा।


