ऑपरेशन के कुछ देर बाद मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप


जमशेदपुर : बारीडीह मिथिला कॉलोनी निवासी 78 वर्षीय तारक नाथ शर्मा की टीएमएच अस्पताल में ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। तारक नाथ शर्मा टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी थे और 4 मई की सुबह सीने में दर्द होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने स्टेंट लगाने की सलाह दी थी.

परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह 41 हजार रुपये जमा कराने के बाद शाम करीब 5:30 बजे उनका ऑपरेशन किया गया। करीब एक घंटे बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन थोड़ी ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। बेटे वीरेंद्र शर्मा का आरोप है कि अचानक हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टरों ने सही जानकारी नहीं दी और मौत के कारण पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
मौत के बाद परिवार के लोग ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि जब तक डॉक्टर सामने आकर मौत की वजह नहीं बताएंगे, तब तक शव नहीं उठाने देंगे। काफी देर तक अस्पताल में तनाव का माहौल बना रहा, बाद में लोगों को शांत कराया गया।


