आदित्यपुर में चोरों का आतंक, दिनदहाड़े स्कूटी चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात


Saraikela : आदित्यपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ताजा मामला वार्ड 17 के 7 एलएफ स्थित सेवा सहयोग सिक्योरिटी सर्विसेज कार्यालय के सामने का है, जहां सोमवार को दिनदहाड़े दो चोरों ने एक स्कूटी चोरी कर ली।

बताया जा रहा है कि यह स्कूटी कार्यालय के एक स्टाफ की थी, जिसे चोर बड़ी आसानी से मौके से लेकर फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में जयप्रकाश उद्यान और एस टाइप क्षेत्र में भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जहां चोरों को रंगे हाथों पकड़ा गया था। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई सुस्त नजर आ रही है।
इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के साथ अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यहां तक कि पुलिस टीम घटना स्थल का निरीक्षण करने भी नहीं पहुंची है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।


