जंगली हाथी का कहर: 50 वर्षीय व्यक्ति को पटककर मार डाला, इलाके में दहशत और गुस्सा


सरायकेला-खरसावां : चांडिल रेंज के कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथी के हमले में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। रविवार शाम करीब 7 बजे कुकड़ू गांव के रहने वाले मुनि राम गोराई पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें पटक दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव के साथ कुकड़ू-नीमडीह सड़क मार्ग पर बैठकर विरोध जताया और वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथी अलग-अलग गांवों में घूमकर उत्पात मचा रहा है, जिससे शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है कि बीते 23 दिनों में हाथी के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। 11 अप्रैल को सापारुम गांव में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि 25 अप्रैल को ईचागढ़ क्षेत्र में मां-बेटी को हाथी ने कुचल दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।


