PM आवास में देरी पर फूटा गुस्सा, 6 साल बाद खुद करेंगे गृह प्रवेश… विधायक का बड़ा ऐलान


जमशेदपुर : बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। छह साल से अधूरे पड़े फ्लैट और बार-बार टलती डेडलाइन से परेशान सैकड़ों लाभुकों ने विधायक सरयू राय के समर्थन से 6 मई को सामूहिक गृह प्रवेश करने का फैसला लिया है। सभी लाभुक रविवार को विधायक के आवास पहुंचे और अपनी समस्या रखते हुए कहा कि पूरा पैसा देने के बावजूद उन्हें अब तक चाबी नहीं मिली है। विधायक ने इस फैसले का समर्थन करते हुए पूजा सामग्री और पंडाल की व्यवस्था कराने का ऐलान भी किया।

लाभुकों का कहना है कि वे “दोहरी मार” झेल रहे हैं—एक ओर बैंक लोन की EMI और दूसरी ओर किराए का बोझ। कई परिवारों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि रोजमर्रा की जरूरतें भी मुश्किल हो गई हैं। योजना के तहत 95 प्रतिशत निर्माण पूरा होने के बावजूद बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं अभी अधूरी हैं।
विधायक सरयू राय ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 21 ब्लॉकों में से केवल दो ही पूरी तरह तैयार हैं और कई मकानों में दरारें व प्लास्टर गिरने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। यह परियोजना मार्च 2021 तक पूरी होनी थी, लेकिन मई 2026 तक भी अधूरी है। अब इस मुद्दे को लेकर वे सरकार से समाधान की मांग करेंगे.


