साईं बाबा वार्षिकोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, मंदिर परिसर में गूंजे जयकारे


रांची : ठाकुरगांव स्थित श्री साईं मंदिर का 11वां वार्षिकोत्सव गुरुवार को पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में साईं बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही और वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान साईं बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक और हवन का आयोजन हुआ। दोपहर में महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ कमाया।
इस धार्मिक आयोजन में कई विद्वान पंडितों द्वारा सभी अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में साईं सेवा ट्रस्ट और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.


