पंचायतों की बदली तस्वीर, पुरस्कार मिलते ही रामगढ़-कोडरमा में जश्न का माहौल


रांची : राजधानी के टाना भगत स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह में झारखंड की कई पंचायतों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान रामगढ़ और कोडरमा को उत्कृष्ट श्रेणी में पुरस्कार मिला, जिससे इन जिलों में खुशी का माहौल देखा गया। कार्यक्रम में पंचायतों में हुए डिजिटल बदलाव, स्वच्छता और विकास कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य की पंचायतों का स्वरूप तेजी से बदला है। अब पंचायत भवनों में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था देखने को मिल रही है, साथ ही लोगों को सुविधाएं भी आसानी से मिल रही हैं। 15वें वित्त आयोग के तहत पंचायतों को सैकड़ों करोड़ रुपये की राशि दी गई है, जिससे गांवों के विकास कार्यों को गति मिली है।
इस अवसर पर दुमका, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और कोडरमा समेत कई जिलों की पंचायतों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में भी कई पंचायतों ने बेहतर प्रदर्शन किया। सरकार का कहना है कि इस तरह के पुरस्कार पंचायतों में प्रतिस्पर्धा और बेहतर काम करने की भावना को बढ़ावा देते हैं, जिससे गांवों के समग्र विकास को नई दिशा मिल रही है.


