स्वास्थ्य कर्मियों के लिए बड़ी राहत, झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच हुआ अहम समझौता


रांची : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा और वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार और इंडियन बैंक के बीच राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के वेतन खाता तथा एचआरआईएस (HRIS) पैकेज को लेकर एक अहम समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि यह विशेष पैकेज उन हजारों स्वास्थ्य कर्मियों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगा, जो जोखिम भरे क्षेत्रों में कार्य करते हैं। उन्होंने कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कठिन समय में स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा की थी, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस समझौते के तहत स्वास्थ्य कर्मियों को बीमा कवर, बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और वेतन प्रबंधन की पारदर्शी प्रणाली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा बल्कि कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और इंडियन बैंक के एमडी-सीईओ बिनोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


