HDFC Bank शेयर में उछाल, 17250 करोड़ की खरीदारी से बाजार में हलचल—निवेशकों की नजर


नई दिल्ली : एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बुधवार को 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली, जिससे बाजार में हलचल बढ़ गई। यह उछाल ऐसे समय आया है जब मार्च महीने में कई म्यूचुअल फंड्स ने इस बैंक के शेयरों में बड़े स्तर पर निवेश किया है। कुल मिलाकर करीब 17,250 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे गए, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिख रहा है।

जानकारी के अनुसार, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, एसबीआई और निप्पन इंडिया जैसे बड़े म्यूचुअल फंड्स ने भारी निवेश किया है। इसके अलावा पराग पारिख फ्लेक्सी कैप, यूटीआई, एचडीएफसी और डीएसपी जैसे फंड्स ने भी हिस्सेदारी बढ़ाई है। मार्च के दौरान शेयर में गिरावट के बावजूद संस्थागत निवेशकों ने इसे खरीदने का मौका माना।
दरअसल, मार्च में एचडीएफसी बैंक के शेयरों में करीब 17.5 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी, जो पिछले कई वर्षों की सबसे बड़ी मासिक गिरावट थी। चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद शेयर पर दबाव बना था, लेकिन अब इसमें सुधार के संकेत मिल रहे हैं और निवेशकों की नजर आगे के प्रदर्शन पर बनी हुई है।


