7 महीने की शादी, फिर करोड़ों की मांग—1 किलो सोने पर बवाल, सुप्रीम कोर्ट का कड़ा फैसला


नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट में महज 7 महीने चली शादी से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया, जिसमें पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला करोड़ों रुपये तक पहुंच गया। सुनवाई के दौरान पति की ओर से बताया गया कि वह पहले ही समझौते के तहत 1.65 करोड़ रुपये पत्नी को दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद पत्नी की ओर से 1 किलो सोना देने की मांग की जा रही है।

पति के वकील ने कोर्ट में दलील देते हुए कहा कि इस विवाद के कारण परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और पत्नी ने परिवार के खिलाफ 21 मामले दर्ज करा दिए, जिससे पिता और बहन को जेल तक जाना पड़ा। पत्नी की मांगों से परेशान होकर वकील ने उसकी तुलना ‘शाइलॉक’ से की। वहीं पत्नी के पक्ष ने कहा कि उसका 1 किलो सोना ससुराल वालों के पास था, जिसे गिरवी रख दिया गया, इसलिए उसे वापस मिलना चाहिए।
दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले का निपटारा करते हुए आदेश दिया कि पति या तो 1 किलो सोना लौटाए या उसकी कीमत अदा करे। पति की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कोर्ट ने सोने के बदले 1.25 करोड़ रुपये देने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि यह रकम चुकाने के बाद ही तलाक को कानूनी मंजूरी मिलेगी।


