ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर के तबादले के बाद इंडो डेनिश टूल रूम में छात्रों ने काटी बवाल, गेट किया जाम


Saraikela :आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित इंडो डेनिश टूल रूम (IDTR) में सोमवार को छात्रों ने भारी बबाल काटी. जिसकी वजह संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोहली के अचानक तबादला किया जाना बताया जाता है. जिसकी खबर मिलते ही सैकड़ों छात्र उग्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे न तो कोई शिक्षक अंदर जा सका और न ही कर्मचारी, जिसके कारण संस्थान का कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया है. छात्रों का आरोप है कि बेहतर काम की सजा मिली है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि सुमित कोहली एक बेहद कुशल और छात्र हितैषी अधिकारी हैं. उनके कार्यकाल में छात्रों के प्लेसमेंट और करियर को लेकर काफी सकारात्मक बदलाव आए थे. छात्रों ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस कारण के उनका अचानक ट्रांसफर किया जाना समझ से परे है. प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक प्रबंधन इस ट्रांसफर आदेश को वापस नहीं लेता, वे अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे. छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीसीज स्वयं सुमित कोहली छात्रों के बीच पहुंचे. उन्होंने हाथ जोड़कर छात्रों से अपील की कि वे शांत हो जाएं और अपना विरोध खत्म कर संस्थान की गरिमा बनाए रखें. हालांकि, छात्रों पर इस भावुक अपील का कोई असर नहीं हुआ और वे अपनी जिद पर अड़े रहे. हालांकि, विभागीय सूत्रों का कहना है कि यह तबादला प्रबंधन के शीर्ष स्तर से लिया गया एक प्रशासनिक निर्णय है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.



