खुले सेफ्टी टैंक में गिरा किशोर, पूरी रात फंसा रहा, सुबह मिला जिंदा, परिवार में राहत


पटमदा : बेलटांड़ टोला में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे से लापता 14 वर्षीय किशोर संदीप माझी के सुरक्षित मिलने से इलाके में राहत की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, संदीप मुख्य सड़क की ओर पैदल जा रहा था, तभी एक निर्माणाधीन भवन के पास खुले पड़े सेफ्टी टैंक के समीप उसकी चप्पल गिर गई। चप्पल निकालने के प्रयास में वह खुद भी गड्ढे में गिर गया, जहां पानी भरा हुआ था।

टैंक में गिरने के बाद संदीप पूरी रात उसी में फंसा रहा। पानी और ठंड के कारण वह लगातार कांपता रहा, लेकिन आसपास कोई नहीं होने के कारण उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी। पूरी रात अंधेरे में गुजारने के बाद रविवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, तब उसे बाहर निकाला गया।
ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि किशोर की मानसिक स्थिति कमजोर है, जिसके कारण वह खतरे को समझ नहीं सका। यह भी सामने आया कि जिस भवन का निर्माण चल रहा था, वहां पुराने ढांचे को तोड़ने के बाद सेफ्टी टैंक को खुला छोड़ दिया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। किशोर के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।


