100-200 रुपए के लालच में नवजातों के साथ खिलवाड़… मां का दूध रोका, डिब्बे का दूध पिलाने का खेल उजागर


धनबाद : सदर अस्पताल में नवजात बच्चों को मां के दूध से वंचित कर डिब्बे का दूध पिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि मां का दूध नहीं बन रहा, जबकि आरोप है कि यह सब 100 से 200 रुपए के कमीशन के लिए किया जा रहा है।बताया गया कि अस्पताल के कुछ कर्मचारी दवा दुकानदारों के साथ मिलकर यह काम कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि एक वार्ड में भर्ती 10 में से 9 नवजातों को डिब्बे का दूध पिलाया जा रहा था। एक मामले में परिजन से 705 रुपए तक वसूले गए, जबकि दूध के डिब्बे की कीमत सिर्फ 170 रुपए थी।

विशेषज्ञों का कहना है कि मां का दूध नवजात के लिए बेहद जरूरी होता है और जन्म के तुरंत बाद मिलने वाला पहला दूध (कोलोस्ट्रम) बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।


