जमशेदपुर : शहर की सामाजिक व धार्मिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा के पहले दिन मंगलवार को विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता पूज्या जया किशोरी ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। व्यास पीठ से उन्होंने भक्त नरसी मेहता के जीवन, उनकी अटूट भक्ति और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि नरसी मेहता बचपन में मूक-बधिर थे, लेकिन भगवान की कृपा से वाणी प्राप्त हुई। कथा में उन्होंने यह भी बताया कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास से भक्त को हर कठिनाई में भगवान का साथ मिलता है।
Advertisements

Advertisements

कथा के आरंभ से पहले गणेश वंदना, कलश स्थापना, नवग्रह पूजन और ठाकुर जी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसे कोलकाता से आए आचार्य अभिषेक तिवारी ने संपन्न कराया। साकची स्थित चंदूलाल अशोक कुमार भालोटिया सभागार, बोधि मंदिर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 6 हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। यह कथा 2 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें अगले दिन कुमकुम पत्रिका, नरसी मेहता के अंजार नगर जाने और श्रीकृष्ण से उनके मिलन की कथा का वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट अध्यक्ष राजकुमार चंदूका सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।