हरिनाम संकीर्तन में उमड़ी आस्था, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने दिया भाईचारे का संदेश


बहरागोड़ा : प्रखंड के महुली बस स्टैंड के पास महुली, चंचलदा और पाठानडिहा गांव के संयुक्त तत्वावधान में हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और भगवान के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

अपने संबोधन में डॉ. गोस्वामी ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक माहौल बनाते हैं और लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव के साथ जोड़ते हैं। उन्होंने परंपरा और संस्कृति को जीवित रखने के लिए आयोजक समिति और स्थानीय ग्रामीणों की सराहना की। इस अवसर पर यादव पात्र, समीर सेनापति, जयंत भोक्ता, फल्गु राम सिंह, चंडी खमराई, अजय गिरी, मनोज महापात्र, रिंकू गिरी, शिवशंकर दास, दीपक सिंह, चित्त सिंह, मंगल भालू, मिर्ज़ा खमराई सहित कई लोग मौजूद रहे।


