कार सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गोलियां लगीं फिर भी बची जान


जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के उलीडीह ओपी इलाके में उमा टिफिन के पास सोमवार शाम करीब 5:30 बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उस समय युवक आल्टो कार में सवार था। हमले में विक्की सिंह राजपूत को तीन गोलियां लगीं, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। गोलीबारी से उसकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

घायल विक्की का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुराना विवाद कारण हो सकता है। करीब तीन साल पहले लल्ला नामक युवक के साथ उसका झगड़ा हुआ था, जिसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर मौके पर पहुंचे और घायल से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।


