सोनारी उपकार संघ में 9 दिवसीय जंवारा पूजा का भव्य समापन, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब


जमशेदपुर : सोनारी स्थित उपकार संघ (कमल चौक, बुधराम मोहल्ला) में आयोजित नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि जंवारा पूजा महोत्सव का भव्य और श्रद्धापूर्ण समापन हो गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।19 मार्च से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में मां बम्लेश्वरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। 26 मार्च को महाष्टमी के अवसर पर माता महागौरी की विधिवत पूजा और पूर्णाहुति दी गई। इसके बाद महिलाओं के लिए गर्भगृह के द्वार खोले गए और देर रात तक भोग वितरण चलता रहा।27 मार्च को सिद्धिदात्री माता की पूजा के बाद कपाली नदी की ओर भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर ज्योति कलश लेकर शामिल हुईं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। विसर्जन के बाद नौ कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया गया।

28 मार्च को दशमी के दिन ‘बालक भोग’ का आयोजन किया गया और शाम को दशमी जुलूस के भव्य स्वागत के साथ इस वर्ष के पूजा महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।पूजा समिति के अध्यक्ष सतपाल साहू ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। समिति के अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


