बाइकर्स पर पुलिस का बुलडोजर एक्शन, 152 तेज आवाज वाले साइलेंसर कुचले


जमशेदपुर : तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ जिला पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में साकची क्षेत्र में जब्त किए गए 152 साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रिहायशी इलाकों और अस्पतालों के आसपास तेज आवाज से लोगों को परेशानी हो रही थी। कई मामलों में साइलेंसर में अवैध बदलाव कर स्टंटबाजी और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के साइलेंसर जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वाहनों को लंबे समय तक जब्त रखा जा सकता है।


