अस्पताल में 9 दिन से लापता मरीज का शव कचरे में मिला, लापरवाही से मचा हड़कंप


जमशेदपुर : महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल से 9 दिनों से लापता एक मरीज का शव सोमवार को परिसर के भीतर ही कचरे के ढेर से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बागबेड़ा के बाबाकुटी निवासी 54 वर्षीय टेंपो चालक सुनील यादव के रूप में हुई है, जिन्हें 13 मार्च को कमजोरी की शिकायत पर भर्ती कराया गया था और 14 मार्च की रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे।

सोमवार शाम एक चाय विक्रेता की सूचना पर कैथ लैब के पास कचरे के ढेर से उनका सड़ा-गला शव मिला। शव की हालत बेहद खराब थी और उनके हाथ में इलाज के दौरान लगी सुई भी मौजूद थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह इलाज की स्थिति में ही बाहर निकले थे।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सीसीटीवी में उन्हें मुख्य गेट की ओर जाते देखा गया था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों ने उनकी तलाश में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस पर भी देर तक निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


