आदित्यपुर में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर ‘भैया या भाभी’ की चर्चा, अंदरखाने शुरू हुई जोड़-तोड़ की राजनीति


आदित्यपुर:- आदित्यपुर नगर निगम में मेयर चुनाव के बाद अब डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जीतकर आए कई पार्षद इस अहम पद पर नजर गड़ाए बैठे हैं। ऐसे में निगम के गलियारों में यह चर्चा भी जोर पकड़ने लगी है कि आखिर डिप्टी मेयर की कुर्सी पर “भैया” बैठेंगे या “भाभी”।
दरअसल नगर निगम के कई वार्डों में महिला पार्षद जीतकर आई हैं, जबकि कई वार्डों में पुरुष पार्षदों ने जीत दर्ज की है। लेकिन शहर की सियासी गलियों में तंज कसा जा रहा है कि जहां महिला पार्षद हैं, वहां पर्दे के पीछे उनके पति या परिवार के पुरुष सदस्य सक्रिय हैं। यही वजह है कि लोग मजाक-मजाक में पूछ रहे हैं कि कुर्सी पर नाम भले “भाभी” का हो, लेकिन राजनीति कहीं “भैया” तो नहीं संभालेंगे।
इधर डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर पार्षदों के बीच अंदरखाने जोड़-तोड़ की राजनीति भी शुरू हो गई है। कई संभावित दावेदार अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए जीतकर आए पार्षदों से लगातार संपर्क साध रहे हैं और समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि नाम नहीं छापने की शर्त पर एक पार्षद ने बताया कि कुछ दावेदार ऐसे भी हैं जो जीते हुए पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं। पार्षद का कहना था कि डिप्टी मेयर की कुर्सी हासिल करने के लिए कुछ लोग हर तरह की रणनीति अपनाने में जुटे हुए हैं।
फिलहाल निगम की राजनीति में डिप्टी मेयर का चुनाव दिलचस्प मोड़ लेता नजर आ रहा है। पार्षदों के बीच बैठकों और रणनीतियों का दौर जारी है। अब देखना यह होगा कि आखिर इस कुर्सी पर “भैया” बैठेंगे या “भाभी”, इसका फैसला आने वाले दिनों में पार्षदों के वोट से होगा।




