खाली मैदान को बना दिया सुकून का ठिकाना, रीडिंग गार्डन देखने दूर-दूर से पहुंच रहे लोग


जमशेदपुर : शहर की व्यस्त जिंदगी के बीच शांति और प्रकृति का अनुभव करना हो तो सोनारी स्थित रीडिंग गार्डन लोगों को खास आकर्षित कर रहा है. यहां के निवासी उमा साहिल कुमार ने अपने घर के खाली पड़े मैदान को मेहनत और सोच के साथ एक खूबसूरत रीडिंग गार्डन में बदल दिया है. अब यह स्थान इतना आकर्षक बन गया है कि लोग दूर-दूर से इसे देखने पहुंचते हैं. उमा साहिल कुमार ने बताया कि उनके पिता टाटा स्टील में ऑफिसर थे और वर्ष 2022 में उनके निधन के बाद घर के पास मौजूद बड़े गार्डन की स्थिति देखकर उन्होंने इसे बेहतर बनाने का निर्णय लिया.

इसके बाद उमा ने माली गोपाल के साथ मिलकर धीरे-धीरे इस जगह को विकसित करना शुरू किया. आज इस गार्डन में हरियाली, फूल और पौधों की भरमार है, जिससे यहां का वातावरण बेहद शांत और सुकून भरा महसूस होता है. गार्डन में भगवान गौतम बुद्ध की शांति मुद्रा की प्रतिमा स्थापित है, वहीं कई अन्य मूर्तियां भी इसकी सुंदरता बढ़ाती हैं. इसके अलावा भगवान शिव की पंचमुखी मूर्ति भी लोगों का ध्यान आकर्षित करती है, जिससे यहां का माहौल आध्यात्मिक अनुभव देता है.
यह स्थान अब लोगों के लिए प्रकृति और शांति का खास केंद्र बन गया है. सुबह और शाम के समय युवा यहां बैठकर पढ़ाई और ध्यान करते हैं. पेड़-पौधों, फूलों की खुशबू और चिड़ियों की आवाज के बीच तितलियों की मौजूदगी गार्डन की सुंदरता को और बढ़ा देती है. उमा साहिल कुमार का कहना है कि उनका उद्देश्य ऐसी जगह बनाना था, जहां लोग अपनी व्यस्त जिंदगी से थोड़ा समय निकालकर प्रकृति के करीब आ सकें और मानसिक शांति महसूस कर सकें.



