मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो का बड़ा फैसला, 8 शहरों के लिए 17 फ्लाइट्स; यात्रियों को खास एडवाइजरी


नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एयरलाइन इंडिगो ने फंसे हुए यात्रियों को राहत देने के लिए खास कदम उठाया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 6 मार्च 2026 को मध्य पूर्व के 8 शहरों के लिए कुल 17 उड़ानों का संचालन करेगी। ये उड़ानें कुल 34 सेक्टरों में चलेंगी ताकि प्रभावित यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।एयरलाइन ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए उड़ानों को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है। कंपनी लगातार हालात पर नजर रख रही है और सरकारी अधिकारियों तथा विमानन एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षित तरीके से संचालन शुरू कर रही है। इंडिगो ने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी भी जारी की है। कंपनी ने कहा है कि जिन यात्रियों को यात्रा करनी है, वे बिना सूचना के एयरपोर्ट न पहुंचें। केवल उन्हीं यात्रियों को यात्रा की अनुमति दी जाएगी, जिनसे एयरलाइन सीधे संपर्क करेगी।

एयरलाइन की टीमें पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल के माध्यम से संबंधित यात्रियों से संपर्क कर रही हैं। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने फोन और ईमेल पर आने वाले अपडेट पर ध्यान रखें और उसी के आधार पर यात्रा की योजना बनाएं। दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और कई देशों के एयरस्पेस पर लगे प्रतिबंधों के कारण दुनिया भर की उड़ानों पर असर पड़ा है। सुरक्षा कारणों से कई एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी थीं या रूट बदल दिए थे।



