अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों की रूस ने की कड़ी निंदा, कहा- युद्ध नहीं, बातचीत से निकले समाधान


मॉस्को : ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों को लेकर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रूस ने इन हमलों को बेहद खतरनाक बताते हुए तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने और कूटनीतिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला एक संप्रभु देश के खिलाफ बिना उकसावे की सशस्त्र कार्रवाई जैसा है। मॉस्को का कहना है कि ऐसे कदम क्षेत्र में बड़े संघर्ष को जन्म दे सकते हैं और हालात को और ज्यादा अस्थिर बना सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरान के विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत भी की। इस दौरान दोनों देशों ने मौजूदा हालात पर चर्चा की और तनाव कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल की जरूरत बताई। रूस ने कहा कि वह शांति बहाल करने और बातचीत शुरू कराने में मदद करने को तैयार है। मॉस्को ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई से पूरे मध्य-पूर्व में तनाव तेजी से बढ़ सकता है। रूस का मानना है कि अगर हालात नहीं संभाले गए तो यह संघर्ष कई देशों को प्रभावित करने वाला बड़ा क्षेत्रीय संकट बन सकता है।इधर अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में जवाबी कार्रवाई और तनाव की स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह टकराव अगर और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक राजनीति, ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर भी पड़ सकता है।



