नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन छात्रावास में छात्र ने की आत्महत्या, मामला संदिग्ध, परिसर में शोक की लहर


Saraikela : नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन छात्रावास में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है. मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. इस घटना के बाद परिसर में शोक की लहर है.
घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन छात्रावास की है. जहां रविवार देर रात एक छात्र के फंदे से लटककर आत्महत्या करने की घटना घटित हुई है. मृतक छात्र की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है जो मेकाट्रॉनिक्स शाखा का छात्र था और मूल रूप से छपरा, बिहार का निवासी बताया जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य अपने कमरे में था. देर रात तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सहपाठियों को आशंका हुई. इसकी सूचना हॉस्टल प्रबंधन को दी गई जिसके बाद गोलमुरी थाना पुलिस को बुलाया गया. पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर कमरे को सील कर दिया है. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी. थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है लेकिन अन्य संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया गया है. छात्र के मोबाइल फोन और निजी वस्तुओं की जांच की जा रही है. सहपाठियों और प्रबंधन से पूछताछ कर संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है. परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.




