दलमा में सैलानियों को बड़ी सौगात: पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने शुरू की सफारी सेवा


जमशेदपुर: दलमा वन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को एक अहम कदम उठाया गया। झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने दलमा में सफारी सेवा की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर पांच सफारी वाहनों का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में ईंचागढ़ क्षेत्र की विधायक सबिता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, डीएफओ सबा आलम अंसारी सहित दलमा वन्य क्षेत्र के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने माकुलाकोचा में तैयार किए गए 15 कॉटेज और पिंड्राबेड़ा में बनाए जाने वाले 15 कॉटेज का भूमि पूजन भी किया। इससे आने वाले समय में दलमा क्षेत्र में पर्यटकों के ठहरने की सुविधाएं और बेहतर होंगी।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उसी कड़ी में दलमा वन क्षेत्र में सफारी सेवा की शुरुआत की गई है, ताकि सैलानियों को जंगल भ्रमण में आसानी हो और उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में पर्यटन क्षेत्र में और भी योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे झारखंड आने वाले पर्यटकों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।
वहीं, विधायक सबिता महतो ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्थित दलमा वन्य क्षेत्र अब नई सुविधाओं से लैस होगा। सफारी सेवा शुरू होने से पर्यटकों को जंगल घूमने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि घाटशिला क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं और दलमा के साथ-साथ आसपास मौजूद डैमों के सौंदर्यीकरण से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में घाटशिला क्षेत्र का भी तेजी से विकास होगा और सैलानियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।



