सेवानिवृत्त शिक्षक के घर पुलिस पर गाली-गलौज का आरोप, सीसीटीवी फुटेज आया सामने


मधुबनी : सुपौल जिले के ललितग्राम थाना पुलिस पर एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर जाकर गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप सामने आया है। मधुबनी पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राम नारायण झा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, डीजीपी, गृह सचिव, डीआईजी, डीएम, एसपी और त्रिवेणीगंज एसडीएम को लिखित शिकायत दी है।

पीड़ित के अनुसार घटना 25 नवंबर 2025 की रात करीब 12 बजे की है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो वाहनों से पुलिसकर्मियों की टीम राम नारायण झा के घर पहुंचती हुई दिखाई दे रही है। फुटेज में कुछ पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरे को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहे हैं।
राम नारायण झा ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। रात करीब 12:02 बजे ललितग्राम थाना पुलिस उनके घर पहुंची। टीम में एएसआई सुनील यादव सहित 6 से 7 अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दरवाजे को धक्का देकर घर में जबरन घुसने का प्रयास किया और उनकी पत्नी केंदुला देवी के साथ गाली-गलौज की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विराजी नामक एक पुलिसकर्मी ने विशेष रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। अगले दिन जब राम नारायण झा ने थाने जाकर जानकारी लेने की कोशिश की, तो थानाध्यक्ष ने मामले से अनभिज्ञता जताई। बाद में उन्हें बताया गया कि पुलिसकर्मी कोर्ट से जारी एक नोटिस देने गए थे, जिसे नियमानुसार डाक के माध्यम से भेजा जाना था।
राम नारायण झा ने यह भी आरोप लगाया है कि उनका अपने पड़ोसियों से पहले से जमीन विवाद चल रहा है और पुलिसकर्मियों ने विपक्षियों के प्रभाव में आकर उनके परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद पीड़ित ने ललितग्राम थानाध्यक्ष और एएसआई सुनील यादव के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ विभाष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि घटना की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।



