चाईबासा के वन क्षेत्र में दो हाथी के बीच लड़ाई, एक की मौत, दांत गायब,


चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत टोंटो और झींकपानी थाना क्षेत्र में हाथियों के आपसी संघर्ष में एक नर हाथी की मौत हो गई. मृत हाथी का शव टोंटो थाना क्षेत्र के सागरकाट्ठा और रोंमारा गांव के बीच जंगल में बरामद किया गया है. घटनास्थल से हाथी का दांत गायब मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है. वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, झींकपानी क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के झुंड में मंगलवार देर रात दो नर हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई. इस दौरान एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई.विभाग द्वारा आसपास के ग्रामीणों से संपर्क किया जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही हाथी दांत बरामद कर लिया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही चाईबासा वन प्रमंडल पदाधिकारी आदित्य नारायण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
वन विभाग ने फिलहाल तस्करी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन दांत के गायब होने को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है।
इधर, वन कर्मियों ने बताया कि मंगलवार देर रात चाईबासा–डंगवापोसी रेल मार्ग पर झींकपानी के पास चार से पांच हाथी देखे गए थे। हाथियों के रेल ट्रैक पर आ जाने से लगभग एक घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात हाथियों को रेल ट्रैक से सुरक्षित हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।




