राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत आज ईचागढ़, गौरांगकोचा एवं चौका क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन


Saraikela : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम के तहत आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु बहुआयामी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है.
इस क्रम में ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत विक्रमादित्य +2 उच्च विद्यालय, लेपटान्द में विद्यालय स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जिसमें छात्र–छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित सारगर्भित संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया. वहीं गौरांगकोचा क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं को समझाइश के साथ हेलमेट का वितरण कर उन्हें सुरक्षित वाहन परिचालन हेतु जागरूक किया गया. इसके अलावा चौका क्षेत्र में जागरूकता रथ के माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार–प्रसार किया गया, जबकि गौरांगकोचा के ग्रामीण क्षेत्रों में पंपलेट वितरण कर हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन तथा सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में जानकारी दी गई. इन कार्यक्रमों में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, ईचागढ़ की प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे. इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा सामूहिक उत्तरदायित्व है तथा यातायात नियमों का पालन कर ही बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है. जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे.




