ट्रेन में टॉयलेट के पास बैठकर UP से ओडिशा लौटे 18 पहलवान,


ओडिशा: एक तरफ जहां देश खेलों को बढ़ावा देने की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ ओडिशा (Odisha) के उभरते हुए पहलवानों के साथ एक ऐसी घटना घटी है जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश (UP) के बलिया (Ballia) में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता (69th National School Games Championship) में भाग लेकर लौट रहे 18 युवा पहलवानों को ट्रेन के शौचालयों के पास बैठकर सफर करने पर मजबूर होना पड़ा.भीड़भाड़ के कारण कई खिलाड़ियों को ट्रेन के शौचालय के पास बैठकर लंबी दूरी तय करनी पड़ी। सर्दी के मौसम में इस तरह का सफर न सिर्फ शारीरिक रूप से काफी मुश्किल था, बल्कि उनकी सेहत और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन गया। बताया जा रहा है कि यह स्थिति केवल आने के दौरान ही नहीं, बल्कि वापसी के समय भी बनी रही। न तो जाने के लिए और न ही लौटने के लिए कन्फर्म टिकट की व्यवस्था की गई थी। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें कथित तौर पर युवा पहलवानों को ट्रेन के भीतर शौचालय के पास बैठे हुए देखा जा सकता है। इन तस्वीरों और वीडियो ने पूरे ओडिशा में आक्रोश पैदा कर दिया है।खेल प्रेमियों, अभिभावकों और आम लोगों ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। लोगों का कहना है कि जो खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए मेहनत करते हैं, उनके साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर किस स्तर पर चूक हुई और क्यों खिलाड़ियों के लिए बुनियादी यात्रा सुविधाएं तक सुनिश्चित नहीं की गईं। मामले को और गंभीर बनाते हुए यह भी आरोप सामने आए हैं कि खिलाड़ियों के माता-पिता या अभिभावकों को उनके साथ यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई। इससे बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर चिंता और बढ़ गई है, खासकर तब जब इनमें नाबालिग खिलाड़ी भी शामिल थे। इस पूरे विवाद के बावजूद, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।




