पति-पत्नी के लिए नाइटक्लब बना हॉरर नाइट


जयपुर:राजस्थान की राजधानी जयपुर के अशोक नगर इलाके में स्थित मशहूर क्लब अल्फा में 10 दिसंबर की देर रात एक कपल के साथ हुई छेड़छाड़ और हिंसक मारपीट ने पूरे शहर को हिला दिया है. झोटवाड़ा की रहने वालीं इरम शेख और उनके पति नावेद उस्मानी क्लब में घूमने गए थे, लेकिन वहां की घटना ने उनकी जिंदगी को उलटपुलट कर दिया. पुलिस के मुताबिक, यह मामला महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है, जहां क्लब के मालिक और स्टाफ ने कानून को ताक पर रख दिया.इरम शेख ने अपनी एफआईआर में बताया कि वह पति के साथ क्लब में पहुंचीं, तो एक वेटर क्लब मालिक भरत टांक का मोबाइल नंबर लिखा कागज लेकर आया. वेटर ने कहा कि मालिक उनसे प्राइवेट रूम में मिलना चाहते हैं. इरम ने साफ मना कर दिया. फिर वॉशरूम जाते समय क्लब मालिक भरत टांक, मैनेजर दीपक और कुछ बाउंसर्स ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि उन्होंने इरम के साथ अश्लील हरकतें कीं और छेड़छाड़ की कोशिश की.नावेद उस्मानी ने क्लब स्टाफ के व्यवहार का विरोध किया, तो भरत टांक, दीपक और बाउंसर्स ने मिलकर सरियों से पीटना शुरू कर दिया. इस हमले में नावेद का पैर दो जगह से टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं. हमलावरों ने दंपती की कार में भी तोड़फोड़ की. घटना के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और घायल नावेद को तुरंत एमएसएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अशोक नगर थाने में इरम शेख की शिकायत पर भरत टांक दीपक और बाउंसर्स के खिलाफ छेड़छाड़ मारपीट और संपत्ति नुकसान का मुकदमा दर्ज हुआ है. एसीपी बलराम चौधरी ने कहा कि घटना की जांच तेजी से चल रही है. मामला दर्ज होने के बाद अशोक नगर थाना एसीपी बलराम चौधरी ने बताया की 10 दिसंबर की देर रात की घटना है. मामला अशोकनगर थाने में दर्ज हुआ है. घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज लिए जा रहे हैं और सभी आरोपियों की कॉल डिटेल लोकेशन निकली जा रही है.




