क्रिकेट पर फिर लगा ‘मैच फिक्सिंग’ का दाग


असम : क्रिकेट जगत एक बार फिर मैच फिक्सिंग की घटना के कारण शर्मसार हो गया है. इस बार भारतीय घरेलू क्रिकेट में मैच फिक्सिंग की घटना सामने आई है. शुक्रवार को असम क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सनातन दास ने मीडिया को बताया कि चार खिलाड़ियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. इन चार खिलाड़ियों के नाम अमित सिन्हा, ईशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुरी हैं.इन खिलाड़ियों पर आरोप है कि उन्होंने मौजूदा असम टीम के सदस्यों को भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाया. आरोप है कि ये कोशिशें 26 नवंबर से 8 दिसंबर के बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के मुकाबलों के दौरान हुई, जिसमें असम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था. बता दें कि BCCI सचिव देवाजित सैकिया असम क्रिकेट का ही हिस्सा हैं.असम क्रिकेट ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच के पास FIR दर्ज कराई है. अपने बयान में संघ ने बताया, “आरोप सामने आने के बाद BCCI की एंटी करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने इनकी जांच की. ACA ने भी आपराधिक जांच शुरू की. पहली नजर में गंभीर आरोपों में इनकी संलिप्तता पाई गई है, जिससे खेल की अखंडता पर असर पड़ा है… इसके चलते ही स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए ही उन्हें निलंबित किया गया है.”इसमें भी सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम अभिषेक ठाकुरी का है, जो मुश्ताक अली ट्रॉफी शुरू होने से कुछ ही दिन पहले रणजी ट्रॉफी में असम के लिए खेल रहे थे. इस ओपनर ने सर्विसेज और त्रिपुरा के खिलाफ मुकाबलों में हिस्सा लिया था. इस दौरान 3 पारियों में ठाकुरी की बैटिंग आई थी और इसमें उनके स्कोर- 9, 20 और 20 रन रहे थे. हालांकि ये फिलहाल साफ नहीं है कि क्या इन मुकाबलों में ठाकुरी का प्रदर्शन भी जांच के घेरे में है या नहीं. पिछले साल भी ठाकुरी ने विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी के मैच खेले थे. वहीं अमित सिन्हा ने 2021 में मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच खेले थे.




