वंदे मातरम् पर पीएम मोदी के पक्ष में खड़ी हुईं ममता


नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी ने लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा शुरू करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का स्वागत किया है। सोमवार को टीएमसी प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी को इसपर कोई आपत्ति नहीं है। बता दें कि पीएम मोदी ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर पूरे दिन के चर्चा की शुरुआत की है। पीएम मोदी ने चर्चा आरंभ करते हुए कहा कि आजादी के दौरान यह राष्ट्रगीत चट्टान की तरह खड़ा रहा और अंग्रेजों के उत्पीड़न के बावजूद एकता की प्रेरणा दी।कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ममता बनर्जी ने मीडिया के लोगों से पीएम मोदी के वंदे मातरम् पर चर्चा की शुरुआत करने को लेकर कहा, ‘वो यह करें। हमें कोई दिक्कत नहीं है।’ ममता उत्तर बंगाल की सरकारी यात्रा पर जाने से पहले मीडिया वालों से बात कर रही थीं। वंदे मातरम् गीत बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखी थी और जादुनाथ भट्टाचार्य ने इसके ट्यून को कंपोज किया था।
हालांकि, बनर्जी ने कुछ बीजेपी नेताओं की उन बातों का ज़िक्र किया जिनमें उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और राजा राम मोहन राय जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अपनी नापसंदगी जाहिर की थी.
उन्होंने सवाल किया कि ऐसे नेता देश का इतिहास समझे बिना देश की सेवा करने का दावा कैसे कर सकते हैं.
उन्होंने कहा, “कुछ बीजेपी नेता कह रहे हैं कि उन्हें नेताजी पसंद नहीं हैं. आपको नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, बंकिम चंद्र, विद्यासागर या राजा राम मोहन रॉय पसंद नहीं हैं, और आप उनकी बेइज्जती करते रहते हैं. इतिहास और बंगाल के योगदान को ठीक से जाने बिना वे राजनीति में कैसे आ गए?”




