उपायुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
Advertisements
Advertisements

सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुुझार मांझी, डीआरसीएचओ, सभी एमओआईसी, डीपीएम, सभी बीपीएम एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

बैठक में उपायुक्त द्वारा सदर अस्पताल सहित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों/उप–केंद्रों में प्रदत्त स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि उपलब्ध उपकरणों एवं मानवबल का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हों।

उपायुक्त श्री सिंह ने निर्देशित किया कि टीकाकरण कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, मातृ–शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, पोषण अभियान तथा रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहाँ योजनाओं का क्रियान्वयन धीमा है, वहाँ संबंधित एमओआईसी कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक प्रगति सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या लक्ष्य से विचलन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जिला स्तर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि उप–स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा लोक-प्रदर्शन सूचकांक (Public Performance Indicators) में पिछड़ रहे उप–केंद्रों को चिन्हित कर वहाँ शत-प्रतिशत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतारें।

उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी निजी नर्सिंग होम जहाँ प्रसव होते हैं, वहाँ से टीकाकरण संबंधित आंकड़े एकत्र कर समग्र जिले की रिपोर्ट में सम्मिलित किया जाए, जिससे मातृ एवं शिशु टीकाकरण कवरेज का सटीक मूल्यांकन संभव हो सके।

See also  डीवीसी चंद्रपुरा प्लांट के गेट पर मजदूरों का अनशन, मांगों को लेकर प्रदर्शन से माहौल गरम

सभी गर्भवती महिलाओं की एएनसी (ANC 1–4) से लेकर प्रसव तक सतत ट्रैकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि किसी भी चरण में कोई भी महिला स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे। जिन नवजात शिशुओं का जन्म–वजन कम पाया जाता है, उन्हें समय पर एसएनसीयू (SNCU) में रेफर कर उनकी चिकित्सकीय देखरेख सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी अस्पतालों में स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों का पालन, उपकरणों का नियमित परीक्षण, ओपीडी सेवाओं की निरंतरता तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अंत में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएँ सीधे आमजन के स्वास्थ्य एवं जीवन से सम्बद्ध हैं। अतः प्रत्येक अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो सकें।

Thanks for your Feedback!

You may have missed