पत्नी पर पहले फेंका तेजाब, फिर छत से दे दिया धक्का


मंडी: हिमाचल प्रदेश का मंडी, जिसे छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है. यहां एक बार फिर तेजाब कांड सामने आया है. शनिवार देर शाम नगर निगम के पैलेस दो वार्ड सैन मोहल्ला में एक व्यक्ति ने पत्नी पर तेजाब फेंककर उसे छत से धक्का दे दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर की ऊपरी मंजिल में छिप गया. आरोपी पति नंदलाल को पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया है.50 प्रतिशत तक झुलस चुकी पत्नी को जोनल अस्पताल मंडी अस्पताल से एम्स बिलासपुर में रेफर किया गया है. महिला और नंदलाल मूलतः धर्मपुर के छात्र निवासी हैं, दोनों लंबे समय से मंडी में रहते हैं. नंदलाल मंडी में दुकान करता है और दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है. महिला भी एक दुकान पर काम करती है. उसका एक लड़का और लड़की है.शुक्रवार को भी नंदलाल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था. शनिवार शाम को भी दोनों में विवाद हुआ. नंदलाल ने घर में रखा तेजाब पत्नी पर फेंक दिया और छत से धक्का दे दिया. इसके बाद वह अपने ही घर की ऊपरी मंजिल में छिप गया.एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आरोपी पति नंदलाल को घर पर ही मौजूद पाया गया, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया. पुलिस यह जांच कर रही है कि तेजाब कहां से लाया गया और घटना के पीछे असली वजह क्या थी. दंपत्ति के दो बच्चे-18 साल का बेटा और 16 साल की बेटी भी इस घटना से सदमे में हैं.




