चार नई वंदे भारत ट्रेनों का PM ने किया शुभारंभ, दो ट्रेन यूपी से


वाराणसी: चार नई वंदे भारत ट्रेनों का PM ने किया शुभारंभ, दो ट्रेन यूपी से, यहां देख लीजिए पूरा शेड्यूल
देश को आज चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात मिल गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर इनका शुभारंभ किया. इनमें से एक ट्रेन को पीएम मोदी ने वाराणसी स्टेशन से सीधे रवाना किया, जबकि बाकी तीन ट्रेनों का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया. रेलवे बोर्ड ने चारों वंदे भारत ट्रेनों का रूट और शेड्यूल जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इनमें से 2 ट्रेनें उत्तर प्रदेश से चलेंगी. नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें लखनऊ से सहारनपुर, फिरोजपुर से दिल्ली, बेंगलुरु से एर्नाकुलम और वाराणसी से खजुराहो के बीच चलाई जाएंगी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अधिकांश देशों के विकास में इंफ्रास्ट्रक्चर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. किसी भी शहर में जैसे ही बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है, उसका विकास अपने-आप तेजी से शुरू हो जाता है. इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ बड़े पुलों और हाइवे तक सीमित नहीं है. पीएम मोदी का कहना था कि काशी से खजुराहो वंदे भारत के अलावा, फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत और एर्नाकुलम-बेंगलुरू वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई गई है. इन 4 नई वंदे भारत ट्रेनों के साथ ही अब देश में 160 से ज्यादा नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन होने लगा है.
पीएम ने आगे कहा, आज वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें, भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं. ये भारतीय रेलवे को transform करने का एक पूरा अभियान है. वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है. जिस पर हर भारतीय को गर्व है.वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आज से बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर संचालित होंगी. डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया, आज चार नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई. लखनऊ के लोगों को लखनऊ से सहारनपुर जाने का मौका मिलेगा, जो सोमवार को छोड़कर हफ़्ते में 6 दिन चलेंगी. चारों रूटों पर आज वंदे भारत ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। हालांकि चारों नई ट्रेनों के लिए आधिकारिक किराया सूची अभी पूरी तरह से जारी नहीं की गई है। वहीं, वंदे भारत ट्रेनों के किराए की बात करें तो चेयर कार का किराया लगभग 890 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर का किराया लगभग 2300 रुपये रहता है। ऐसे में इन चारों रूटों पर भी किराया इसी कीमत के आसपास रहेगा।




